विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने लगाया आरोप
पुलिस के सामने मायके वालों का हंगामा
दैनिक बालोद न्यूज/घनश्याम साव/डोंगरगांव।समीपवर्ती ग्राम कोहका निवासी एक विवाहिता की आज अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत की खबर है। इस मौत की खबर विवाहिता के मायके वालों को जैसे ही लगी, दलबल के साथ डोंगरगांव पहुंच गये और अपनी बेटी की मौत को संदिग्ध बताते हुए हंगामा कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने विवाहिता के शव को मरचुरी में रखवा दिया है। आज पोस्टमार्टम होगा, जिसके बाद पुलिस आगे की कार्यवाही करेगी।
जानकारी के अनुसार मरारपारा बालोद निवासी गिरधारी सेन की एकमात्र पुत्री रूखमणी सेन (21 वर्ष) का विवाह गत मई 2022 में ग्राम कोहका निवासी ढालसिंह सेन के पुत्र ताकेश्वर के साथ सामाजिक रीति रिवाज के साथ हुआ था। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार विवाह के कुछ महिने तक वैवाहिक जीवन ठीक ठाक चलता रहा। कुछ ही दिनों बाद विवाहिता के ससुराल वालों ने यह आरोप लगाते हुए कि विवाहिता की तबियत खराब रहती है, उनके मायके पहुंचा दिया। इस पर मायके वालों ने उसका इलाज करवाया तो वह गर्भवती निकली, फिर यह कहने पर कि गर्भावस्था में कुछ तकलीफें आती है, मायके वालों के कहने पर उसे ससुराल वाले फिर उसे कोहका लिवा कर ले आये।
जिसके बाद डिलीवरी के लिए विवाहिता को पुन: जून 2023 में ससुराल वालों ने मायके बालोद भेज दिया। डिलीवरी के बाद कुछ दिन बीतने के बाद विवाहिता के माता पिता ने उसे उसके ससुराल छोड़ दिया। तब तक विवाहिता ठीक थी। आज शाम को अचानक उन्हें अपनी बेटी के मौत की खबर मिली। जबकि परिवारजनों के अनुसार उन्होनेंं दोपहर 1 – 2 बजे के बीच अपनी बेटी से बात भी की थी। तब तक उनकी बेटी पूरी तरह से स्वस्थ लग रही थी। अचानक मौत की खबर से उनके घर में कोहराम मच गया और वे सभी अपने सगे संंबंधियों के साथ डोंगरगांव आ धमके और अपनी पुत्री के ससुराल वालों पर सीधा आरोप लगाया कि उन्होनें उसकी बेटी को मार डाला।
इस संबंध में पता चला है कि रूखमणी के ससुराल वाले आज शाम को लगभग 5 बजे उसे अचेतावस्था में स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंचे, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसके मायके वालों को खबर की गई। मायके वालों ने आकर अस्पताल में ही हंगामा शुरू कर दिया, जिसके बाद ड्यूटी डॉक्टर ने पुलिस को खबर की। रूखमणी के परिवारवालों ने पुलिस के सामने भी वही आरोप दुहराया। जिसके बाद पुलिस ने रूखमणी के शव को अपने कब्जे में लेकर मरचुरी में रखवाया है, जिसका कल पोस्टमार्टम किया जायेगा। उसके बाद ही विवाहिता के मौत के कारण तक पहुंचा जा सकेगा।
बताया जाता है कि विवाहिता की मात्र दो वर्ष की एक दुधमुंही बच्ची है। माता की मृत्यु से उसके भविष्य पर प्रश्नचिन्ह खड़ा हो गया है। रूखमणी की माता ने रो रोकर बताया कि उसके मात्र एक पुत्री और एक पुत्र हैं। उसने अपनी एकमात्र बेटी का बहुत ही धूमधाम से बड़े अरमानों के साथ विवाह किया था। विवाह में अपनी हैसियत से ज्यादा सभी जरूरत की चीजें दहेज में दी थी लेकिन ससुराल वालों ने उसकी बेटी को मार डाला। गम और दुख के कारण विवाहिता के पिताजी कुछ बोल ही नहीं पा रहे थे।
बहरहाल, विवाहिता रूखमणी की मौत ने अनेक सवालों को जन्म दे दिया है, जिसका खुलासा पोस्टमार्टम के बाद ही हो सकता है। रूखमणी के मायके वाले न्याय की आशा में समाचार लिखने तक यहां डटे हुए थे।