विधायक तथा कार्यकर्ताओं की समझाईश के बाद ब्लाक अध्यक्ष ने लिया इस्तीफा वापस

कांग्रेस में थमा बवाल

डोंगरगांव। सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी में बीते दिनों हुए एक अप्रत्याशित घटनाक्रम में अपने सभी पदों से इस्तीफा देने वाले बलीराम साहू ने आखिर विधायक दलेश्वर साहू की समझाईश तथा क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं के मान मन्नौव्वल के बाद अपना दिया इस्ताफी वापस ले लिया है। इसके साथ ही कांग्रेस के अंदरूनी खाने मान सम्मान को लेकर चल रहा विवाद थमने की सूचना है।
उल्लेखनीय है कि बीते 7 सितंबर को अचानक ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष, विधायक के जनदर्शन प्रभारी तथा जनपद पंचायत में विधायक प्रतिनिधि बलीराम साहू के अपने सभी पदों से इस्तीफा देने की बात सोशल मीडिया में वायरल हुई थी। जिसमें अपने पारिवारिक व्यस्तता को उन्होनें कारण के रूप में दर्शाया था। लेकिन कांग्रेस के ही अंदर लोग इस इस्तीफे को ग्रामीण, शहरी में भेदभाव के साथ सत्ता आते ही कार्यकर्ताओं के मान सम्मान से जोडक़र देख रहे थे। जबकि, बलीराम साहू मीडिया से लगातार बात करने से बच रहे थे।
अब शनिवार को विधायक दलेश्वर साहू पार्टी के वरिष्ठ नेता बलीराम साहू के गृहग्राम सोनेसरार पहुंचे और विभिन्न मसलों पर उनसे बात कर उन्हें इस्तीफा वापस लेने के लिए मना लिया। इसके अलावा विधायक के साथ गये अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भी उनसे पदों पर बने रहने का अनुरोध किया, जिसके बाद बलीराम साहू ने पुन: पूरे मनोयोग और कर्तव्यनिष्ठा के साथ पार्टी की सेवा करने की बात कही। जिसके बाद विधायक सहित कार्यकर्ताओं ने राहत की सांस ली।
विधायक श्री साहू के साथ बलीराम से मिलने वालों में प्रमुख रूप से विधायक की धर्मपत्नि जयश्री साहू, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मोहन अय्यर, पूर्व जिपं सदस्य सोनूराम साहू, संजय संचेती, सरपंच कमल वैष्णव, मुश्ताक खान सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।