अजग गजब प्यार- कोरोना काल से पहले गायब हुआ था बालोद का युवक, सागर में पत्थर खदान में करता था काम, प्रेमिका के साथ शादी करके लौटा अब होम आइसोलेशन में

बालोद। शहर के शिकारी पारा में प्रेम प्रसंग का एक रोचक मामला सामने आया है। पुलिस की पहल व परिजनों की खोजबीन से 27 जनवरी 2020 से गायब एक युवक अपने घर लौट आया लेकिन साथ में अपनी प्रेमिका भी ले आया है। जिससे वह शादी कर चुका है दोनों मध्य प्रदेश के सागर जिले के बदौना गांव में पत्थर खदान में काम करते थे। लड़की गुरूर ब्लॉक के एक गांव से है। जो लड़के के साथ में ही 27 जनवरी को गई थी। लड़की पक्ष ने भी गुरुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाई है तो वहीं लड़के के परिजन भी जनवरी में रिपोर्ट लिखा कर खोजबीन कर रहे थे। इस बीच कोरोना अलर्ट में खोजबीन भी खत्म हो गई और युवक भी अपनी प्रेमिका के साथ सागर जाकर काम करता रहा। लॉकडाउन में भी वह वहीं फसा रहा।

पिता को फोन कर कहने लगा मैंने शादी कर ली, घर आना चाहता हूं
स्थिति सामान्य होने पर युवक ने पिछले महीने 24 जून को अपने पिता को फोन किया। कहने लगा कि अब घर आना चाहते हैं। मैंने शादी कर ली है। पिता ने हामी भर ली और उन्हें घर आने कहा। 2 दिन पहले हरीश कुमार नेताम अपनी प्रेमिका (पत्नी) के साथ बालोद पहुंचा और थाने में सूचना दी गई। जहां पुलिस की कार्रवाई के बाद दोनों को पिता को सौंपा गया।

अब होम आइसोलेशन के बाद होगा फैसला
दोनों बाहर से आए हैं इसलिए उन्हें फिलहाल बालोद में ही होम आइसोलेशन पर रखा गया है। पिता का कहना है कि लड़की दूसरी जाति की भी है। उनके परिजनों को भी खबर कर दी गई है कि वे उनके बेटे के साथ है। होम आइसोलेशन खत्म होने के बाद सामाजिक स्तर पर उनके रिश्ते की बात को रखा जाएगा। क्या होगा अभी कुछ कह नहीं सकते। इधर दोनों का कहना है कि हम साथ रहने के लिए ही शादी कर चुके हैं। अब अलग नहीं रहना चाहते।