मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल से छत्तीसगढ़ प्रशिक्षित डीएड एवं बीएड संघ के पदाधिकारियों ने की मुलाकात

राजनांदगांव। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से उनके निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ प्रशिक्षित डीएड एवं बीएड संघ के पदाधिकारियों ने मुलाकात कर राज्य में शिक्षकों की 14 हजार 580 पदों पर नियुक्ति की अनुमति दिए जाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। संघ के पदाधिकारियों ने इसे एक ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि आपके नेतृत्व वाली सरकार ने कोरोना संकट काल में शिक्षकों की भर्ती की अनुमति देकर पूरे देश के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। संघ के प्रांतीय प्रवक्ता हिमांचल प्रसाद ने विभाग व मुख्यमंत्री को आभार संप्रेषित करते हुए जल्द प्रक्रिया को पूर्ण करने की मांग की है।इस अवसर पर संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, वरिष्ठ विधायक सत्यनारायण शर्मा, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, सर्वश्री आर.पी. सिंह, संजीव शुक्ला, छत्तीसगढ़ प्रशिक्षित डीएड एवं बीएड संघ के अध्यक्ष दाउद खान, सचिव सुशांत शेखर धराई, सुश्री अन्नपूर्णा पाण्डेय, अनिरूद्ध साहू सहित संघ के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
संघ के अध्यक्ष दाउद खान ने कहा कि 23 साल के बाद इतनी बड़ी संख्या में शिक्षकों की भर्ती हो रही है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का यह निर्णय शिक्षित युवाओं के रोजगार के प्रति उनकी संवेदनशीलता का परिचायक हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य में नियमित शिक्षकों की भर्ती का निर्णय लेकर शिक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण प्रस्तुत किया है। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने संघ के पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।