12 वी की रिजल्ट में रोशन सिन्हा जिले में अव्वल व छत्तीसगढ़ में 12वाँ स्थान, मात्र 2 अंकों से टॉप-10 से चूके
दैनिक बालोद न्यूज/घनश्याम साव/डोंगरगांव। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में सी.जी. पब्लिक स्कूल के छात्र रोशन सिन्हा ने जिले का नाम रोशन किया है। गणित संकाय के छात्र रोशन सिन्हा, पिता हीरालाल सिन्हा, ने 500 में से 477 अंक (95.4%) अर्जित कर राजनांदगांव जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
राज्य स्तरीय मेरिट सूची में भी रोशन ने उल्लेखनीय स्थान बनाया है। छत्तीसगढ़ टॉप-10 सूची की अंतिम कटऑफ 479 अंकों पर बंद हुई, जिससे रोशन केवल 2 अंकों से टॉप-10 में जगह बनाने से चूक गए। हालांकि, 477 अंकों के साथ उन्होंने प्रदेश स्तर पर 12वाँ स्थान हासिल कर जिले और विद्यालय का मान बढ़ाया है।
विषयवार अंकों की बात करें तो रोशन को हिंदी में 93, अंग्रेजी में 92, गणित में 97, भौतिकी में 96 और रसायन में 99 अंक प्राप्त हुए।
इसी परीक्षा सत्र में कक्षा 10वीं (अंग्रेजी माध्यम) की छात्रा युक्ति माटेकर ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 600 में से 580 अंक (96.66%) प्राप्त कर जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं छात्र टिकेशदीप टांडेकर ने 579 अंक (96.50%) अर्जित कर चौथा स्थान हासिल किया।
विद्यालय प्रबंधन ने इन छात्रों की उपलब्धियों पर गर्व जताते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। प्राचार्य सहित समस्त शिक्षकगणों ने छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
–